प्रवीण कुमार, कटिहार। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठनों में से एक के रूप में स्थापित है तो इसके पीछे जनसंघ काल से लेकर अब तक के लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या, त्याग और पसीना है। वे अपने कटिहार प्रवास के दौरान कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित विधायक कविता पासवान के आवास पर आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
संसाधनों के अभाव में भी नहीं डिगा कार्यकर्ताओं का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष ने जनसंघ की शुरुआती यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि जब संगठन की नींव रखी गई थी, तब पार्टी के पास आज जैसे संसाधन नहीं थे और न ही अनुकूल राजनीतिक माहौल था। इसके बावजूद निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और घर-घर जाकर राष्ट्रवाद और अंत्योदय की विचारधारा का संदेश पहुंचाया। कार्यकर्ताओं ने हर विपरीत परिस्थिति में पार्टी की वैचारिक प्रतिबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
पुराने संकल्पों की सिद्धि है मोदी सरकार
संजय सरावगी ने कहा कि जनसंघ के दौर में वरिष्ठ नेताओं ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां केंद्र और अधिकांश राज्यों में राष्ट्रवादी विचारधारा की पूर्ण बहुमत वाली सरकारें हों। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वह संकल्प साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और कई राज्यों में भाजपा सरकारें पारदर्शिता के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही हैं। यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों के सामूहिक संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
वरिष्ठों का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा संगठन का संबल
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने जनसंघ काल के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया और संगठन के शुरुआती दिनों के संघर्ष एवं अनुभवों को सुना। उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ता पार्टी का केवल इतिहास नहीं हैं, बल्कि संगठन की अमूल्य धरोहर और भावी पीढ़ी के जीवंत मार्गदर्शक हैं। पार्टी में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन और युवा कार्यकर्ताओं का उत्साह मिलकर भाजपा को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन और जनसेवा करना है।
कोढ़ा में हुआ प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के कोढ़ा पहुंचने पर स्थानीय विधायक कविता पासवान के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। समारोह में जनसंघ काल के दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे




