कटिहार में मॉर्निंग वॉक करने वाले आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस गश्ती अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत नगर और सहायक थाना क्षेत्र के चिन्हित मॉर्निंग वॉक स्थलों पर प्रतिदिन सुबह पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 8 बजे तक नियमित गश्त करेंगे। इस दौरान चिन्हित मॉर्निंग वॉक स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
सहायक थाना क्षेत्र के चिन्हित स्थलों पर महिला थाना की टीम और नगर थाना क्षेत्र के चिन्हित स्थलों पर अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) थाना की पुलिस टीम गश्ती करेगी। पुलिस का उद्देश्य मॉर्निंग वॉक के दौरान महिलाओं के साथ छेड़खानी, असामाजिक तत्वों की आवाजाही और छिनतई जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिना किसी भय के मॉर्निंग वॉक और व्यायाम करें। साथ ही, यदि किसी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।




