कटिहार। नार्थ ईस्टर्न बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से शहर के स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान चैम्बर की ओर से कहा गया कि व्यवसायियों के साथ किसी भी तरह की कथित ज्यादती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले को लेकर बुधवार को चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा, जिसमें स्वर्ण व्यवसायियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
बैठक की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष बिमल सिंह बेंगानी ने की। चैम्बर महासचिव अजय सिंघानिया लाला ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि जिले के कुछ व्यवसायियों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। व्यवसायियों का यह भी आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर बिना पूरी छानबीन के उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के लिए स्वर्ण व्यवसायियों की ओर से पवन सोनी, अशोक यादव, प्रेम नाथ प्रसाद, शिव रतन मुकीम, नन्द कुमार गुप्ता, सुरेश अग्रवाल, धनंजय गायकवाड, दिनेश साह और रंजन अग्रवाल को प्रतिनिधिमंडल में शामिल करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में चैम्बर के उपाध्यक्ष अनिल यादुका, सचिव श्रवण मोर समेत अन्य पदाधिकारी और स्वर्ण व्यवसायी मौजूद रहे। चैम्बर प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर व्यवसायियों की ओर से उठाई गई समस्याओं और पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों को सामने रखेगा।





