गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य अवसंरचना एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति, भूमि उपलब्धता, निर्माण कार्यों की स्थिति और लंबित प्रक्रियाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2023-24 के तहत महागामा, बोआरीजोर, पथरगामा और पोड़ैयाहाट प्रखंडों में स्वीकृत चार ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। बताया गया कि चारों योजनाओं के टेंडर और कार्य आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उपायुक्त ने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा 15वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक भवनहीन स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित कुल 43 भवन निर्माण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें 41 योजनाओं की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं में भूमि उपलब्धता या अन्य कारणों से कार्य लंबित है, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने सभी निर्माणाधीन योजनाओं में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने और संबंधित अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
लोकेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी या गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें डीबार करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत, अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, सिविल सर्जन डॉ. एससी शर्मा समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला अभियंता, नगर निकायों के पदाधिकारी, कार्यदायी एजेंसियों के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।





