हनवारा संवाददाता: महागामा थाना क्षेत्र के असोता गांव से पिछले तीन दिनों से लापता पांच वर्षीय बालक का शव सोमवार को असोता-नटेरी कोल बहियार स्थित नदी से बरामद हुआ। नदी में बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, असोता गांव निवासी इस्राइल का पांच वर्षीय पुत्र दिलशाद पिछले तीन दिनों से लापता था। बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार को ग्रामीणों ने असोता-नटेरी कोल बहियार स्थित नदी में बच्चे का शव देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान दिलशाद आलम के रूप में की। बच्चे का शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की सहमति नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
इधर, बच्चे की मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।




