बसंतराय। प्रखंड के बोदरा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं इन दिनों बदहाल रास्ते और जलजमाव के बीच स्कूल जाने को मजबूर हैं। विद्यालय में करीब 135 बच्चे नामांकित हैं। स्कूल के मुख्य द्वार से सड़क तक बारिश का पानी जमा होने के कारण रास्ता कीचड़ में तब्दील हो गया है। छोटे-छोटे बच्चे रोज इसी रास्ते से होकर बैग लेकर स्कूल पहुंच रहे हैं।
बारिश के बाद विद्यालय के मुख्य द्वार और आसपास के इलाके में भी पानी जमा है। जलजमाव के कारण रास्ते पर फिसलन और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं, लगातार पानी जमा रहने से विद्यालय के आसपास की मिट्टी भी कट रही है, जिससे समस्या और गंभीर होती जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को इसी रास्ते से स्कूल भेजना उनकी मजबूरी है और उन्हें उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय के सामने जलजमाव की समस्या की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि जब लंबे समय से स्कूल के सामने जलजमाव की समस्या बनी हुई है, तो इसके समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस पहल क्यों नहीं की जा रही है।
इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ने बताया कि स्कूल के मुख्य द्वार पर जलजमाव के कारण काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि समस्या की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी गई है और इस संबंध में मार्गदर्शन लिया जा रहा है।





