पाकुड़। शहर में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के आदेश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, सहायक थाना प्रभारी पाकुड़ नगर शनि सुप्रभात, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन और सिटी मैनेजर मनीष कुमार के नेतृत्व में विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर जांच की गई। अभियान के दौरान करीब 10 से 15 टोटो जब्त कर नगर थाना में सुरक्षित रखे गए।
अभियान डीसी आवास चौक, सरकारी बस स्टैंड, कोर्ट परिसर चौक, अंबेडकर चौक, हरिणडांगा बाजार चौक, गांधी चौक, स्टेशन चौक, खुदीराम बोस चौक और रेलवे स्टेशन गेट नंबर दो समेत कई इलाकों में चलाया गया। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने वाले चालकों, सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों और गैराज संचालकों को हिदायत दी गई। प्रशासन ने सड़क किनारे रखे टेबल, कुर्सी, प्लास्टिक टेंट, बांस-बली और अन्य सामान को 24 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया है। नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर जुर्माना और अन्य कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले टोटो और ऑटो पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार जिले में संचालित सभी टोटो और ऑटो में आगे और पीछे नंबर प्लेट होना अनिवार्य है। बिना नंबर प्लेट के पकड़े गए वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। जब्त टोटो पर नियमानुसार जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया चल रही है।
कोर्ट परिसर मुख्य मार्ग पर विशेष सख्ती बरती जा रही है। प्रशासन ने कोर्ट परिसर के मुख्य मार्ग से 500 मीटर आगे और 500 मीटर पीछे तक सड़क किनारे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है और प्रशासन के अनुसार करीब एक सप्ताह में पार्किंग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने नागरिकों, दुकानदारों, गैराज संचालकों और संस्थानों से सड़क किनारे अतिक्रमण या अवैध पार्किंग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर खराब वाहन या सामान रखने से यातायात प्रभावित होता है, जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। जिला प्रशासन ने कहा है कि पाकुड़ को अतिक्रमणमुक्त और यातायात को सुगम बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




