भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर समाजसेवी सह जदयू नेता शुभम यादव ने बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत को पत्र भेजा है। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों पर नियमित बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया है। शुभम यादव ने कहा कि कहलगांव में सरकारी कॉलेजों के अलावा कई बड़े कोचिंग संस्थान और अन्य शिक्षण संस्थान हैं। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिदिन पढ़ाई के लिए कहलगांव आते-जाते हैं। पर्याप्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों, महिलाओं और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शुभम यादव ने परिवहन मंत्री से कहलगांव बस स्टैंड से एकचारी, रामपुरखड़हरा, सनौखर होते हुए पीरपैंती तक अप-डाउन बस सेवा शुरू करने की मांग की है। इसके अलावा कहलगांव से घोघा, सन्हौला होते हुए गोराडीह तक तथा कहलगांव से घोघा, हंसडीहा, सबौर होते हुए भागलपुर तक नियमित बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहलगांव बस स्टैंड से विक्रमशिला, पीरपैंती, घोघा और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए पीरपैंती तक बस सेवा शुरू करने की भी मांग रखी है।
शुभम यादव ने कहा कि इन मार्गों पर नियमित बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं और नौकरी-पेशा लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने परिवहन विभाग से जनहित में इस मांग पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द बस सेवा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।




