बलबड्डा थाना क्षेत्र के घोरीचक स्थित एनएच पर बुधवार को पुलिस ने एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर पुअनि मुक्तेश्वर राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच से गुजरने वाले चारपहिया वाहनों और बाइक की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। चालकों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने कहा कि वाहन चलाते समय अपनी सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है।
पुलिस ने वाहन चालकों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने की सलाह दी। पुलिस के अनुसार सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के मद्देनजर इस तरह का वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।




