भागलपुर। भागलपुर में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सन्हौला में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व विधायक शुभानन्द मुकेश ने किया। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर विधायक शुभानन्द मुकेश ने कहा कि जीविका ने बिहार की ग्रामीण महिलाओं के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का काम किया है। उनके अनुसार, जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ‘नीतीश संवाद : जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम जीविका के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की यात्रा को समझने और साझा करने का अवसर है।
विधायक ने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रियता से जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को मौर्य विवाह भवन, भागलपुर में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
समीक्षा बैठक में जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, प्रखंड अध्यक्ष विजय मंडल, अशोक सिन्हा, शाहबाज आलम मुन्ना, भानु यादव, राम प्रसाद चौरसिया, किशोर कुमार, अंजनी देवी, कैलाश मंडल, मुमताज, अमन कुमार, मुन्ना मंडल, अनिल मंडल, पवन मंडल, संजय कुशवाहा, अवधेश चौधरी, अवधेश मंडल और शैलेन्द्र तोमर समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





