प्रवीण कुमार, कटिहार। कटिहार जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी, कटिहार के बहुउद्देशीय भवन में कृषि विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं जिला कृषि विभाग, बिहार सरकार के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. मनोरंजन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का शुभारंभ अपराह्न 3 बजे हुआ। इसमें विद्यालय के शिवालिक, अरावली, नीलगिरी और उदयगिरि सदन के चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में शिवालिक सदन ने प्रथम, नीलगिरी सदन ने द्वितीय और अरावली सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समाचार लिखे जाने तक कृषि विषय पर आधारित निबंध प्रतियोगिता जारी थी। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन विद्यालय के हिंदी शिक्षक डॉ. संजीव कुमार ने किया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार, सहायक निदेशक (रसायन) अमितेश कुमार, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) जय कृष्ण कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, मिट्टी जांच केंद्र कटिहार की कुमारी प्रिया सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कृषि क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक और कैरियर के अवसरों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी। इस दौरान कृषि विभाग, कटिहार की ओर से विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरे राम कुमार ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि एवं इससे जुड़े आधुनिक क्षेत्रों के प्रति जागरूक होने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. मनोरंजन कुमार, दीपक कुमार दिनकर, रुक्मणी कुमारी, दीपशिखा कुमारी, प्रेरणा कुमारी और आर. एस. पी. यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के वरीय शिक्षक डॉ. बी. एन. कुमार ने जिला प्रशासन, कृषि विभाग के अधिकारियों और कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




