पटना: गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रगति और समृद्धि में किसानों तथा कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके मुताबिक, किसान और कृषि क्षेत्र को मजबूत किए बिना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना संभव नहीं है।
विजय कुमार सिन्हा ने महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी का सपना गांव, गरीब और किसान के सशक्तिकरण से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि गांधी जी भारत की ताकत गांवों में देखते थे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार मानते थे। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देश की सुरक्षा के साथ किसानों के योगदान को भी विशेष महत्व दिया। उन्होंने कृषि और किसानों को देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बताया।
सिन्हा ने कहा कि गांधी जी के ग्राम स्वराज, स्वावलंबन, स्वदेशी, सर्वोदय, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए कृषि को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को याद करते हुए कृषि, किसान और गांवों की मजबूती को विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ने का संकल्प लेने की अपील की।





