प्रवीण कुमार, कटिहार: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार के शहीद चौक स्थित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा नेता भी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।
इस अवसर पर तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने के साथ राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपनी सादगी, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के साथ देश का नेतृत्व किया। उन्होंने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान दिए गए ‘जय जवान, जय किसान’ नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि इस नारे के माध्यम से देश के सैनिकों और किसानों के योगदान को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष लक्खी प्रसाद महतो, निगम पार्षद प्रमोद महतो, नितेश सिंह, आलोक वर्मा, मनोज मिश्रा, कैलाश कुमार, भाजपा नेता राजेश शर्मा, वीरेंद्र यादव, बबन झा, रविंद्र नाथ पोद्दार, गजेंद्र नाथ पाठक, मौसम सिंह और सुमन सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





