गोड्डा: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को आसान बनाने के लिए 10 अक्टूबर को गोड्डा जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर लगने वाला यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम-पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन कराने और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
कैंप के दौरान मतदाताओं को प्रपत्र-6, 7 और 8 से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बीएलओ-बीएलए-2 की चौथी बैठक और चुनाव पाठशाला की चौथी बैठक भी आयोजित होगी। इन बैठकों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाताओं के अधिकारों और दायित्वों पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में लोगों को जागरूक करना और उनकी समस्याओं का समाधान करने में सहायता देना है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज नाम और अन्य विवरणों की जांच करने की अपील की है। जिन मतदाताओं को नाम जुड़वाना है या किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे कैंप में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर दावा, आपत्ति या संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रशासन के अनुसार, इस पहल से मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने और निर्वाचन संबंधी कार्यों को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।




