भागलपुर: भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक रविवार को भागलपुर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, 25 वर्ष संकल्प अभियान और आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने चुनाव में पूर्ण विजय हासिल करने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए कोसी क्षेत्र के संगठन महामंत्री अनंत नारायण मिश्रा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं, भूमि एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की बदौलत भाजपा आज इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, मतदाता सूची का सत्यापन करने और स्नातक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने की जरूरत बताई। साथ ही एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य अनिल ठाकुर ने सेवा संकल्प अभियान और चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र के मतदाताओं तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंचना होगा। वहीं, प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने और प्रत्येक मतदाता से संपर्क करने का आग्रह किया। बैठक के अंत में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विधायक रोहित पांडेय, मुरारी पासवान, जिला प्रभारी राजेश जैन, बाल आयोग सदस्य डॉ. सुग्रीव दास, संजय राय, विष्णु शर्मा, रूबी दास, निरंजन साह, श्वेता सिंह, अभय घोष, देवेंद्र चौधरी, योगेश पांडेय, उमाशंकर, नितेश सिंह, प्राणिक वाजपेयी, सुनीता गोस्वामी, चंदन पांडेय, नंदकिशोर हरि, प्रकाश कुमार, रितेश घोष, सूरज जायसवाल, चाहत शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





