भागलपुर : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार में महिला सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। बिहार प्रदेश प्रभारी श्री अरुण भारती और प्रदेश अध्यक्ष श्री राजू तिवारी के निर्देश पर पूरे बिहार में चल रहे इस अभियान के तहत भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में सीतारामपुर धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुबोध पासवान ने की, जबकि संचालन महिला जिलाध्यक्ष अंशु प्रियंका ने किया। बैठक में मुख्य रूप से महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया गया और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विजन “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” को लागू करने की दिशा में चर्चा हुई। इस विजन के तहत “माई” समीकरण (महिला और युवा) को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं को जागृत करने और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह कुशवाहा, प्रदेश सचिव पीयूष पासवान, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष बबली वर्मा और मंजू सिंह, युवा जिलाध्यक्ष मनीष यादव, पंचायती राज प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अमित पासवान, जिला उपाध्यक्ष बिंदु वर्मा, जिला महासचिव भानू शेखर और पंचायती जिला उपाध्यक्ष योगेश साह शामिल थे।
यह अभियान महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में लोक जनशक्ति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पार्टी का मानना है कि महिलाओं और युवाओं की प्रगति ही बिहार के समग्र विकास की कुंजी है। इस बैठक के माध्यम से स्थानीय स्तर पर महिलाओं को संगठित कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।
