रेलवे सुरक्षा बल के स्थापना दिवस के अवसर पर आरपीएफ पोस्ट कटिहार पश्चिम की ओर से मनिहारी टर्मिनल स्टेशन पर सराहनीय पहल की गई। आरपीएफ वेस्ट पोस्ट इंस्पेक्टर आवेदानंद सिंह के मार्गदर्शन में आरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने रेल यात्रियों के बीच निःशुल्क शीतल पेयजल का वितरण किया।
भीषण गर्मी और उमस के बीच ट्रेन संख्या 75735/75738 के स्टेशन पर पहुंचते ही आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए पानी उपलब्ध कराया। जवानों ने ट्रेन की बोगियों में जाकर यात्रियों के बीच पेयजल का वितरण किया। इस दौरान करीब 300 यात्रियों को निःशुल्क पानी दिया गया।
सफर के दौरान पेयजल मिलने से यात्रियों को गर्मी में काफी राहत मिली। यात्रियों ने आरपीएफ की इस सेवा भावना की सराहना की और जवानों के मानवीय प्रयास के लिए आभार जताया। स्थापना दिवस के मौके पर आरपीएफ की ओर से की गई इस पहल की यात्रियों के बीच भी चर्चा रही।





