पाकुड़। पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत इसाकपुर पंचायत में गुरुवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने इसाकपुर चंद्रपाड़ा, महरू मोड़ और इसाकपुर शैतान खाना मोड़ का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने आलमगीर आलम के समक्ष बिजली, चापाकल, पीसीसी सड़क, नाला निर्माण समेत कई मूलभूत समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि इन सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं के समाधान की मांग की।
इसके अलावा जाति और निवास प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों का मुद्दा भी ग्रामीणों ने उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, शैक्षणिक कार्यों और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करने में दिक्कत हो रही है। आलमगीर आलम ने इस समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रहा है। जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।
आलमगीर आलम के क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पंचायत में जगह-जगह ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर उनसे आवश्यक पहल की उम्मीद जताई।




