पाकुड़: झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के तत्वावधान में पाकुड़ मंडल कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने बुधवार को कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में बंद कैदियों को जेल मैन्युअल के अनुरूप पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है या नहीं, इसकी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान डालसा टीम ने कारागार के रसोईघर का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मैन्यू के अनुसार भोजन की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इस दौरान डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने जेल प्रशासन को स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जांच के दौरान कारागार में भोजन की व्यवस्था निर्धारित मैन्यू के अनुरूप संतोषजनक पाई गई। साथ ही कैदियों को निर्धारित मानकों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था का उद्देश्य केवल न्याय प्रदान करना नहीं, बल्कि जेल में बंद व्यक्तियों के मानवाधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर कारागारों का निरीक्षण किया जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की स्थिति को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान डालसा के कर्मी और जेल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।




