भागलपुर (कहलगांव): एसएसवी कॉलेज, कहलगांव में शनिवार को प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार मिश्रा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं ने उनके उत्कृष्ट कार्यकाल और महाविद्यालय के विकास में दिए गए योगदान के लिए उन्हें अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
महाविद्यालय छात्र अध्यक्ष प्रियांशु कृष्ण उर्फ ‘पीके’ ने डॉ. मिश्रा के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कॉलेज में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए, जिनका लाभ विद्यार्थियों को मिला। उन्होंने महाविद्यालय के विकास और छात्र हित में किए गए कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनके कार्यकाल में छात्रहित से जुड़ी कई प्रमुख मांगों को पूरा किया गया। इनमें आरओ पेयजल की व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए मुफ्त वाई-फाई सुविधा को सक्रिय रखना, कैंटीन में ऑनलाइन फॉर्म भरने का शुल्क 50 रुपये निर्धारित करना, पुस्तकालय की सुविधाओं में सुधार, कक्षाओं में बेहतर टेबल-डेस्क उपलब्ध कराना तथा विज्ञान विभाग की प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ बनाने जैसे कार्य शामिल हैं।
पांत कल्याण छात्रावास के कार्य संयोजक ने कहा कि डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने अपने अपेक्षाकृत छोटे कार्यकाल में भी महाविद्यालय में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा और विद्यार्थी परिषद हमेशा उनके प्रति आभारी रहेगी।
इस अवसर पर एबीवीपी की रिया, खुशी, मनीष श्रीवास्तव, सुधांशु गुप्ता, आलोक कुमार, ओम प्रकाश, रॉकी कुमार सहित कई कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्रोफेसर दिलीप कुमार, नमन कुमार, संतोष कुमार, रामजी सर, अजय कुमार तथा महाविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।





