कटिहार। कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित कबीर मठ के समीप सड़क किनारे झाड़ी से रविवार की अहले सुबह एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुरसेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका को देखते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह नदी में मछली पकड़ने जा रहे एक मछुआरे ने कबीर मठ के समीप सड़क किनारे झाड़ी में एक युवक को औंधे मुंह पड़ा देखा। पास में मौजूद एक चरवाहे से पूछने पर पता चला कि युवक काफी देर से उसी अवस्था में पड़ा था। संदेह होने पर इसकी सूचना तत्काल कुरसेला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को पलटकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। उसके गले में मिले आईडी कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान अंशु कुमार झा, पिता अरुण झा, निवासी सिमरा, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर के रूप में हुई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी और न ही पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





