कटिहार: जिले के प्राणपुर प्रखंड स्थित 10+2 मुंशी लाल मंडल उच्च विद्यालय, बस्तौल शिक्षा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं नियमित रूप से स्कूल ड्रेस में विद्यालय पहुंचते हैं और अनुशासित वातावरण में पढ़ाई करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक परमानंद मिश्र के नेतृत्व में विद्यालय का शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 938 छात्र-छात्राओं का नामांकन है तथा सभी शिक्षक पूरी निष्ठा और समयबद्ध तरीके से शिक्षण कार्य कर रहे हैं।
विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई होती है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए अनुभवी शिक्षकों की टीम कार्यरत है। प्रधानाध्यापक का कहना है कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, ओपन जिम, वाद्य यंत्र, सभी कमरों में बिजली, पंखा और लाइट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही स्वच्छ पेयजल, शौचालय और नियमित साफ-सफाई की भी बेहतर व्यवस्था की गई है।
प्रतिदिन आयोजित होने वाले चेतना सत्र में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, भूकंप, आपदा प्रबंधन, बीमारियों से बचाव, लू एवं ठंड से सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाती है। इससे बच्चों में जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो रही है।
प्रधानाध्यापक परमानंद मिश्र ने बताया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कम से कम छह अतिरिक्त कक्षाओं, 20 नए कंप्यूटर, गणित, भूगोल, राजनीति विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों की आवश्यकता है। इसके अलावा सौर ऊर्जा, साइकिल स्टैंड, प्रार्थना भवन और गर्ल्स कॉमन रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को और अधिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए पूरा शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय स्टाफ पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। यही कारण है कि विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति लगातार बढ़ रही है और सभी छात्र-छात्राएं अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।





