
कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड स्थित तीनघरिया में कोसी नदी के भीषण कटाव प्रभावित क्षेत्र का बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटाव स्थल और फ्लड फाइटिंग कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
कटाव संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिल खुश कुमार समेत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा बंबू रोल तकनीक से फ्लड फाइटिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन कोसी नदी के तेज बहाव और लगातार हो रहे कटाव के कारण यह व्यवस्था प्रभावी साबित नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना था कि बंबू रोल का अधिकांश हिस्सा नदी में बह गया है, जिससे गांव पर खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने गांव और कृषि भूमि को बचाने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को कटाव रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय शीघ्र लागू करने को कहा।
डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा कटाव रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी अनुपम कुमारी, बीडीओ कुमारी प्रियंमवदा, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


