कुरसेला (कटिहार)। कटिहार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी संजय कुमार यादव उर्फ डिपो (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को रंभा देवी ने पोठिया थाना में आवेदन देकर बताया था कि 15 सितंबर की रात उनके पति नंदन यादव खाना खाने के बाद घर के आगे बने मचान पर सोने चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब पांच बजे गोली चलने की आवाज सुनकर वह बाहर निकलीं तो नंदन यादव के सिर में गोली लगी थी और काफी खून बह रहा था। महिला के अनुसार, उसी समय संजय कुमार यादव पिस्टल लेकर मौके से भाग रहा था। अरुण यादव और नूतन देवी को भी भागते हुए देखने की बात आवेदन में कही गई थी।
आवेदन में पूर्व के भूमि विवाद को लेकर संजय कुमार यादव द्वारा धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया गया था। इसके बाद पोठिया थाना में मामला दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर सदर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पोठिया थानाध्यक्ष और एसटीएफ की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर 3 अक्टूबर को चांदपुर स्थित बहियार में छापेमारी कर मुख्य आरोपी संजय कुमार यादव उर्फ डिपो को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।





