
कटिहार: मनिहारी थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस के मैनेजर से हुई लूट की वारदात का कटिहार पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:15 बजे नारायणपुर पेट्रोल पंप के समीप भारत फाइनेंस के मैनेजर सोनू कुमार से दो अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर ₹54,070 की कलेक्शन राशि लूट ली थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के निर्देश पर मनिहारी के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष एसआईटी (SIT) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो. हामिद, निवासी बौलिया वार्ड संख्या-08, थाना मनिहारी, जिला कटिहार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कटिहार पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

