कटिहार: कटिहार कोर्ट में कार्यरत अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े हुई हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने काला बिल्ला लगाकर न्यायिक कार्य किया। कटिहार अधिवक्ता संघ के निर्देश पर आयोजित इस विरोध के दौरान वकीलों ने घटना पर आक्रोश जताया और अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
हालांकि, गुड्डू अंसारी हत्याकांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर अधिवक्ताओं ने संतोष भी जताया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि पुलिस मामले में आगे भी तेजी से कार्रवाई करेगी और सभी आरोपितों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
काला बिल्ला लगाकर विरोध जताने के दौरान अधिवक्ता संघ के सचिव विजय कुमार झा, राजेंद्र मिश्रा, चंदेश्वर पाठक, सुमित कुमार, पवन दुबे, यशस्वी कुमार अग्रवाल, महिमा केजरीवाल, कुंदन कुमार, मनोज कुमार निषाद, राजेश चमड़िया और पूजा कुमारी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वकीलों को निर्भय होकर न्यायिक कार्य करने के लिए उचित माहौल उपलब्ध कराने की मांग की।





