कटिहार: जिला परिवहन पदाधिकारी डेज़ी रानी ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से सड़क पर जुगाड़ गाड़ियों का परिचालन नहीं करने और ऐसी गाड़ियों से यात्रा नहीं करने की अपील की है। परिवहन विभाग की ओर से जुगाड़ वाहनों के अवैध परिचालन पर रोक लगाने को लेकर जारी निर्देशों के आलोक में जिले में ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि डीजल पंप सेट, मोटरसाइकिल के हैंडल तथा माल ढोने वाले रिक्शा-ठेला आदि के हिस्सों को जोड़कर बनाए गए जुगाड़ वाहन निर्धारित तकनीकी और सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करते हैं। ऐसे वाहनों के पास वैध निबंधन, परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण इनका सड़क पर परिचालन नियमों के अनुरूप नहीं माना जाता है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि जुगाड़ गाड़ी का उपयोग या परिचालन कर खुद को कानूनी कार्रवाई के दायरे में न लाएं। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केवल वैध रूप से निबंधित और आवश्यक दस्तावेजों से युक्त वाहनों का ही उपयोग करें।
डेज़ी रानी ने स्पष्ट किया कि जुगाड़ गाड़ियों का परिचालन करते हुए पाए जाने पर वाहन और चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ऐसे वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई करेगा।
उन्होंने आम नागरिकों से परिवहन नियमों का पालन करने और जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन को बढ़ावा नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।





