कटिहार। कटिहार रेलवे स्टेशन पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कटिहार रेलवे में लोको पायलट के रूप में कार्यरत चंदन कुमार और उसका कथित सहयोगी विनय कुमार दास शामिल हैं। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
कटिहार पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, युवती 22 सितंबर को कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मौजूद थी। आरोप है कि वहां रेलवे लोको पायलट की वर्दी में मौजूद चंदन कुमार ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बरमसिया के वार्ड नंबर-08 स्थित एक किराए के मकान में ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि आरोपी ने अपने एक अन्य साथी को भी वहां बुलाने का प्रयास किया।
पुलिस के मुताबिक युवती किसी तरह वहां से निकलकर स्थानीय लोगों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। लोगों के जुटने के बाद आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में पीड़िता ने 27 सितंबर को महिला थाने में कांड संख्या 50/26 दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी साइबर-सह-विशेष अपराध के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, निवासी तमानगंज, कस्बा, पूर्णिया और विनय कुमार दास, निवासी स्कूल टोला, लालगंज, पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





