प्रवीण कुमार, कटिहार: भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय ग्रुप कटिहार की ओर से महेश्वरी अकैडमी परिसर में गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और एसोसिएशन ऑफ टॉप अचीवर स्काउट (अटास) कटिहार के सदस्यों ने हिस्सा लिया। जिला संगठन आयुक्त राम बाबू और जिला सचिव संजय कुमार के मार्गदर्शन में सर्वधर्म प्रार्थना सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव के विचारों को लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर स्काउट-गाइड सदस्यों ने शहीद चौक, कटिहार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्काउट-गाइड के बच्चों ने भी उत्साह के साथ प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को याद किया। इस दौरान सदस्यों ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सेवा, अनुशासन और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अटास के जिला कॉर्डिनेटर राजेश कुमार वर्मा, राम बाबू, अनुप कुमार उपाध्याय, गणेश कुमार ठाकुर और संजय कुमार सिंह मौजूद रहे। गाइड के रूप में निधि कुमारी, नंदनी कुमारी, मुस्कान कुमारी, प्रिया कुमारी, रित प्रियदर्शी, नैना पाठक, तन्नु कुमारी, अर्पणा कुमारी, सोनी कुमारी, खुशी कुमारी और अनन्या चौधरी शामिल रहीं। वहीं स्काउट के रूप में आर्यन कुमार, बप्पी राय, अंकित कुमार, अजय कुमार, तिलक कुमार और सौरव कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने गांधी जी के विचारों को आत्मसात करने और समाज सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।





