हर घर तिरंगा अभियान के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय वर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी के छात्र-छात्राओं ने शहीद ध्रुव कुंडू के शहीद स्तंभ पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश दुबे सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
प्रधानाध्यापक दिनेश दुबे ने छात्र-छात्राओं को शहीद ध्रुव कुंडू के बलिदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मात्र 13 वर्ष की उम्र में ध्रुव कुंडू ने देश के लिए अपनी शहादत दी थी। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी के आह्वान पर ध्रुव कुंडू की शहादत ने कटिहार की धरती को भी स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में गौरवान्वित किया।
उन्होंने बच्चों को बताया कि ध्रुव कुंडू सहित अन्य लोगों ने भी देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। शहीदों की स्मृतियां आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक हैं और उनके बलिदान से बच्चों को देशभक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा मिलती है।
इसके बाद हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकाला। बच्चे ‘कदम-कदम बढ़ाए जा, आगे बढ़ते चलो’ जैसे नारों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद चौक एवं शिव मंदिर चौक पहुंचे।
शहीद चौक एवं शिव मंदिर चौक पर स्थित भगत सिंह की प्रतिमा पर भी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।
पैदल मार्च के दौरान करीब 200 बच्चों की सहभागिता रही। विद्यालय के शिक्षक जयप्रकाश, राजीव रंजन झा, रंजन कुमार, सोनी कुमारी, अन्नपूर्णा केसरी, मीना कुमारी, संतोष कुमार, सीता कुमारी, नीलू कुमारी और श्रीराम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।




