कटिहार। कटिहार में 13 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहीद हुए 13 वीर सपूतों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कटिहार नगर निगम कार्यालय के समीप स्थित शहीद स्तंभ पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बताया गया कि 13 अगस्त 1942 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन के दौरान कटिहार के 13 वीर सपूत शहीद हुए थे। इनमें महज 13 वर्षीय बालक ध्रुव कुंडू भी शामिल थे। छोटी उम्र में ही उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में हिस्सा लिया और अंग्रेजी पुलिस की गोलीबारी में शहीद हो गए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इन वीर शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। 13 अगस्त केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का दिन नहीं, बल्कि कटिहार के स्थानीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास को संरक्षित, दस्तावेजीकृत और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।





