कटिहार: यात्रियों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटिहार रेल मंडल अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों में तेजी से जुटा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह ने सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज और अलुआबारी रोड रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सूचना प्रणाली सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, स्वच्छ, दिव्यांगजन-अनुकूल और यात्री-केंद्रित बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, साथ ही इन स्टेशनों की पहचान आधुनिक स्वरूप में स्थापित होगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (एनजेपी) अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता प्रभात रंजन, एरिया मैनेजर सहित रेलवे के कई अधिकारी उपस्थित रहे।




