पाकुड़: हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय बालक के हत्याकांड का पाकुड़ पुलिस ने 48 घंटे के अंदर उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नयाग्राम निवासी करीब 40 वर्षीय मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी घरेलू और जमीन विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 25 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान बालक के लापता होने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर बालक की तलाश में लगातार छापेमारी की।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जानकारी मिली कि घरेलू और जमीन विवाद के कारण बालक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। इसके बाद हरिनन्दन सिंह के आवेदन पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 140(1), 103(1), 238 एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए विशेष टीम ने आरोपी मनोज कुमार को हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हरे रंग का बजाज मैक्सीमा टेंपो और एक लोहे का जैक जब्त किया गया।
वहीं, लापता बालक का शव नगर थाना क्षेत्र के देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से बरामद किया गया। शव को आगे की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पुलिस की ओर से शुरू कर दी गई है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी
कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार, सिमलोंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे समेत हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा थाना और तकनीकी शाखा के अधिकारी व जवान शामिल रहे।




