पाकुड़: मालपहाड़ी ओपी के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के साथ लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। शुक्रवार को ओपी परिसर पहुंचे एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने ओपी की व्यवस्था, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की कार्यप्रणाली के साथ विभिन्न अभिलेखों और पंजियों की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ओपी परिसर की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों का टर्न-आउट संतोषजनक पाया गया। एसपी ने सिरिस्ता से जुड़े सभी अभिलेखों और पंजियों का अवलोकन करते हुए उन्हें हमेशा अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्र में चिन्हित दागियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी निगरानी करने को कहा।
एसपी ने ओपी में दर्ज लंबित कांडों की भी समीक्षा की और अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित जांच पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित वारंट और कुर्की-जप्ती के मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संवेदनशीलता के साथ काम करने और क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान बेहतर एवं उत्कृष्ट पुलिसिंग करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।




