कुरसेला (कटिहार)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर डूमर पुल के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल पवई मकदमपुर निवासी शिवम कुमार साह (27) को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो कांवरिया भी दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों की पहचान शिशिया पंचायत के वार्ड संख्या आठ निवासी सुरेश शर्मा (55) और चंदन शर्मा (35) के रूप में हुई है। दोनों देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जल चढ़ाने के लिए बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान डूमर पुल के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और राजमार्ग गश्ती दल मौके पर पहुंचा। पुलिस जवानों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना की जानकारी ली। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।





