
पाकुड़िया: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत बिशनपुर गांव के प्रसिद्ध पहलवान अनंत मुर्मू के इलाज और सहयोग के लिए प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर पहल तेज हो गई है। हाल ही में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान अखाड़े में मुकाबला करते समय अनंत मुर्मू का हाथ टूट गया था, जिसके बाद से उनका इलाज जारी है और वे अपने घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
घायल पहलवान की जानकारी मिलने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष जूली हेम्ब्रम बिशनपुर गांव पहुंचीं और अनंत मुर्मू से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और कठिन समय में उनका साथ देने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान जूली हेम्ब्रम ने अनंत मुर्मू को इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का मनोबल मजबूत रहना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में उनकी प्रतिभा को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वस्थ होने के बाद अनंत मुर्मू दोबारा अखाड़े में वापसी करेंगे।
मौके पर बिशनपुर, पाकुड़िया और पाकुड़ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें ऋषिराज मराण्डी, संतोष कुमार, मुनशी सोरेन, मान्टू मुर्मू और संजय हांसदा सहित कई लोग शामिल थे।
ग्रामीणों ने जिला परिषद अध्यक्ष द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के कठिन समय में इस तरह का समर्थन उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। लोगों ने अनंत मुर्मू के जल्द स्वस्थ होकर फिर से खेल मैदान में लौटने की कामना की।

