गोड्डा: श्री दादी श्याम मंदिर परिसर में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य श्याम दरबार सजाया गया। भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर जजमान प्रितम गाडिया एवं श्वेता गाडिया ने विधि-विधान के साथ भगवान श्री कृष्ण का विशेष पूजन किया। रात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण के जन्म के शुभ अवसर पर मंदिर के कपाट खुलते ही भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्री कृष्ण और जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज अपने माता-पिता एवं पत्नी के साथ श्याम मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन किया और भागवत कथा में शामिल होकर कथा वाचक गोविंद शरण महाराज के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण एवं श्याम बाबा का आशीर्वाद लिया।
पंचम दिवस की श्रीमद्भागवत कथा में गोविंद शरण महाराज ने भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण भगवान होते हुए भी मानव रूप में इस संसार में अनेक कठिनाइयों और दुखों का सामना करते रहे, लेकिन सदैव मुस्कुराते रहे और मानव कल्याण के कार्य करते रहे।
उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, प्रेम, करुणा और सकारात्मकता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है। भगवान श्री कृष्ण का संपूर्ण जीवन मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम में श्री दादी श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण टेकरीवाल, सचिव मुकेश गाडिया, पवन टेकरीवाल, पियूष खेमानी, दीपक बजाज, अंकित गाडिया, सरिता टेकरीवाल, कुसुम टेकरीवाल एवं संगम भगत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण और श्याम बाबा के जयकारे लगाए। “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।





