महेशपुर। झामुमो प्रखंड कार्यालय महेशपुर में प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में प्रखंड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन भी अब्दुल वदूद ने किया। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत स्तर से पहुंचे कार्यकर्ताओं को आंदोलन को मजबूत करने और गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के बारे में जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में जिला समिति की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम और छात्र मोर्चा के जिला सचिव तौसीफ इकबाल मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, आंदोलन की रूपरेखा और प्रचार-प्रसार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया खान एवं खनिज संशोधन विधेयक झारखंड के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और राज्य से प्राप्त होने वाले खनिज संसाधनों से सरकार को राजस्व मिलता है। इसी राजस्व के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक से झारखंड के हित प्रभावित हो सकते हैं तथा राज्य के विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचकर लोगों को विधेयक की जानकारी देने तथा इसके संभावित प्रभावों से अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झामुमो झारखंड के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा और विधेयक के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।
जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम और छात्र मोर्चा के जिला सचिव तौसीफ इकबाल ने भी बैठक को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रखंड की प्रत्येक पंचायत और गांव के लोगों तक विधेयक से संबंधित जानकारी पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक लोगों को पूरे विषय की जानकारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकती।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान शुरू करने और लोगों को इस मुद्दे की जानकारी देने की अपील की। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को प्रस्तावित आंदोलन से जोड़ने के लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
बैठक में आंदोलन के प्रचार-प्रसार और तैयारियों को गति देने के लिए प्रखंड स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने का निर्णय भी लिया गया। मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मैईनुद्दीन अंसारी, अर्थोमस हेंब्रम, प्रखंड कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साहा, प्रखंड सह सचिव नसीम अहमद, अखलाकुर रहमान, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख शुभलक्ष्मी मुर्मू, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन सहित बड़ी संख्या में झामुमो के पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




