प्रवीण कुमार, कटिहार: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कटिहार के शहीद चौक के समीप स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का नेतृत्व कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सत्य, अहिंसा और भाईचारे के संदेश को याद किया।
सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर स्वतंत्रता आंदोलन में लोगों को एकजुट करने का काम किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज में आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कांग्रेस के दिलीप विश्वास, विनोद यादव, प्रहलाद गुप्ता, अवधेश मंडल, निक्कू सिंह, भारती देवी, आम्रपाली यादव, सिकंदर मंडल, जहांगीर आलम, अखिलेश पोद्दार, तेज नारायण सिंह, विकी मेहता, सुभाष यादव, सीताराम केवट, मोहम्मद असलम, विनय मंडल, मोहम्मद साबिर सहित कई स्थानीय नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





