गोड्डा: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से गोड्डा विधानसभा क्षेत्र की घाट पहाड़पुर पंचायत में विशेष कैंप लगाया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कैंप का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 350 और 351 के मतदाताओं के लिए चल रही प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से डिजिटाइजेशन कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कैंप में उपलब्ध कराए गए प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी संबंधित कार्य पूरे किए जाने चाहिए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कैंप के बेहतर संचालन को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए, जिससे मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौके पर गोड्डा के अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




