गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस मामले में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार खुफिया सूचना और छापेमारी अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबाज अंसारी (धैनुकट्टा, पोड़ैयाहाट), शहनबाज अंसारी (देवडांड़) और किस्नु रजक (गुंदली टोला, बाघमारा) के रूप में हुई है। तीनों गोड्डा जिले के निवासी हैं। इस मामले में गोड्डा नगर थाना में कांड संख्या 138/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शहनबाज अंसारी के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी का मामला दर्ज है।
बरामद वाहनों में 7 हीरो स्प्लेंडर, 2 ग्लैमर, 3 एचएफ डीलक्स, 1 होंडा ड्रीम नियो, 1 पैशन प्रो, 1 होंडा डियो स्कूटी, 1 बजाज सीटी-100 समेत कुल 18 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस सभी वाहनों का सत्यापन कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक सहित नगर थाना, पोड़ैयाहाट, देवडांड़, सुंदरपहाड़ी, मोतिया ओपी तथा रिजर्व गार्ड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





