गोड्डा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के निर्देश पर पोड़ैयाहाट प्रखंड के डांड़ै पंचायत भवन और आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डालसा की ओर से गठित टीम में शामिल एलएडीसी राहुल कुमार, अधिकार मित्र मो. हसीब, शंकर चंद्र सेन सहित अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों और छात्राओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
टीम में शामिल एलएडीसी राहुल कुमार ने कहा कि ग्रामीण, दूरदराज और वंचित क्षेत्रों के आम नागरिकों को कानूनी रूप से जागरूक बनाना और उन्हें न्याय सुलभ कराना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए झालसा और नालसा की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि डालसा की ओर से गठित टीमें विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर समाज के सबसे निचले और पिछड़े स्तर के लोगों तक उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के निचले तबके के लोगों के जागरूक होने से ही समाज का विकास संभव है और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रभावी रूप से मिल सकेगा।
जन-जन को जागरूक बनाने में जागृति यूनिट को भी महत्वपूर्ण बताया गया। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए देशभर में जिला और तालुका स्तर पर ‘जागृति इकाइयां’ गठित की गई हैं। स्थानीय स्तर पर कानूनी सहायता क्लीनिक भी स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाना है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से समाज के संवेदनशील वर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों और छात्राओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीण, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





