गोड्डा: बिहार विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को गोड्डा जिला परिषद में आयोजित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं को पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर सेवा, संवाद और संगठन का कार्य करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारी केवल चुनाव के समय नहीं होती, बल्कि निरंतर जनसंपर्क और जनसेवा के माध्यम से संगठन को मजबूत किया जाता है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम, पन्ना प्रमुख से लेकर मंडल और जिला स्तर तक बेहतर समन्वय तथा समाज के सभी वर्गों से निरंतर संपर्क संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
डॉ. प्रेम कुमार ने कार्यकर्ताओं से ‘सेवा, संगठन और संपर्क’ को अपनी कार्यशैली का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान के लिए प्रयास करना ही सच्ची जनसेवा है।
लक्ष्मी चक्रवर्ती के नेतृत्व की सराहना
गोड्डा जिला भाजपा संगठन की गतिविधियों की चर्चा करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने जिला अध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता दिखाई दे रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने विश्वास जताया कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर झारखंड में पार्टी को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण चाहती है तथा भाजपा कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर पार्टी के विचारों एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देनी चाहिए।
बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रणविजय रोशन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजीत चंद्रवंशी, गणेश चंद्रवंशी, श्रीकांत कुशवाहा, चंदन कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं नेता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती के अलावा विभिन्न मंडलों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।




