गोड्डा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान नो मैपिंग और अन्य विसंगतियों से जुड़े मामलों के निष्पादन, प्रपत्र-6 के संग्रहण, 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविर और आम लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नो मैपिंग या अन्य विसंगतियों के कारण चिन्हित मतदाताओं के मामलों का नियमानुसार सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। संबंधित मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत ईसीआईनेट और बीएलओ ऐप पर अपलोड कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रपत्र-6 के संग्रहण की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाई जाए। बूथ स्तर के पदाधिकारियों के माध्यम से घर-घर संपर्क कर लोगों को प्रपत्र-6 भरने की जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों की सहायता के लिए सभी अनुमंडल, अंचल और प्रखंड कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि नो मैपिंग और अन्य विसंगतियों से जुड़े मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन हो तथा कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।




