गोड्डा। डहरे करम बेड़हा 2026 के सफल आयोजन को लेकर रविवार को वृहद झारखंड कला संस्कृति मंच के बैनर तले स्थानीय अजय विवाह भवन, सरकंडा में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया खगेश महतो ने की। इस दौरान आयोजन की तैयारियों, विधि-व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संयोजक मंडली के सदस्यों ने विस्तार से चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि 13 सितंबर 2026, रविवार को डहरे करम बेड़हा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में कुड़मि समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। महिलाएं लाल पाड़ की साड़ी, जबकि पुरुष गंजी, गमछा और धोती पहनकर ढोल, नगाड़ा और मांदर की थाप पर करम गीत गाते हुए शोभायात्रा में शामिल होंगे।
आयोजन की शुरुआत हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद चानकु महतो स्मारक स्थल, रंगमटिया से होगी। यहां से शोभायात्रा कारगिल शहीद वीरेंद्र महतो कारगिल चौक होते हुए सरकंडा स्थित गोड्डा कॉलेज मैदान पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा के रास्ते में करीब दस अलग-अलग स्थानों पर पानी और शर्बत की व्यवस्था की जाएगी, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आयोजन को लेकर सदस्यों ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कार्यक्रम को और भव्य बनाने की तैयारी है। आयोजकों ने कहा कि इस वर्ष डहरे करम बेड़हा के माध्यम से गोड्डा में एक नया इतिहास रचने का प्रयास किया जाएगा।



