गोड्डा: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को गोड्डा जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्था की थी।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से महिला महाविद्यालय, प्लस टू उच्च विद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और बैठने की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष से पूरे परीक्षा अवधि में सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई।
जिले में कुल 7,229 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 1,466 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 5,763 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 20.28 प्रतिशत उपस्थिति और 79.72 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन में सहयोग देने वाले सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




