घाटशिला: बी.डी.एस.एल. महिला महाविद्यालय, काशीदा के कॉमन रूम में SIR के तहत मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को मतदाता पंजीकरण, नए मतदाताओं से जुड़ी प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्या श्रीमती पुष्पा गुप्ता, राष्ट्रीय सेवा योजना की पदाधिकारी सुश्री रूमा शीट, एस.के. पति, बंगला विभाग के प्राध्यापक डॉ. डी.पी. कुंडु, बीएलओ काकोली आश सहित अन्य बीएलओ मौजूद रहे। वहीं सुपरवाइजर के रूप में काशीदा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक रतन लाल भाकत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान रतन लाल भाकत ने छात्राओं को SIR तथा नए मतदाताओं के पंजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य ऐसे युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या उससे अधिक उम्र के हैं, लेकिन अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को भारत निर्वाचन आयोग के ECI NET मोबाइल ऐप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। छात्राओं को बताया गया कि डिजिटल माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को आसानी से पूरा किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्राओं ने पूरे धैर्य और ध्यान के साथ जानकारी सुनी और मतदाता पंजीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। आयोजन के माध्यम से युवाओं में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्या प्रो. श्रीमती पुष्पा गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों, शिक्षकों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।





