उमेश कांत गिरि, ब्यूरो प्रमुख घाटशिला, झारखंड। घाटशिला थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट स्थित पुराने जर्जर अनुमंडल कार्यालय परिसर के खड़िया भवन के एक कमरे में छापेमारी की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, घाटशिला धोबीपाड़ा निवासी तुषार सीट और मुसाबनी थाना क्षेत्र के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल 1.81 किलोग्राम अवैध गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मादक पदार्थों के अलावा एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक कार और विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में घाटशिला थाना कांड संख्या 48/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं सहित बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल के अनुसार, पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, रजनीश आनंद, आलोक कुमार सहित घाटशिला थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि घाटशिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी और ड्रग्स सप्लाई से जुड़े लोगों को कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों का मादक पदार्थों के नेटवर्क में किन-किन लोगों से संपर्क था।





