
पाकुड़: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उप विकास आयुक्त एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य उपकेंद्र) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विस्तृत अवलोकन किया। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि तोड़ाई स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक है।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र हैंडओवर करने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिले में निर्माणाधीन अन्य आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्देश दिया गया कि शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य अधोसंरचना का विकास सरकार की प्राथमिकता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।

