गोड्डा: प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति और सम्मान में आयोजित होने वाले देशव्यापी श्रद्धांजलि कार्यक्रम ‘दस बजे दस मिनट अपने पूर्वज के नाम’ के तहत रविवार को गोड्डा जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अंग क्षेत्र के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद एवं समाज सुधारक स्व. पंडित रणजीत झा के पुत्र सह लोक मंच सचिव सर्वजीत झा ‘अन्तेवासी’ की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का संयोजन अखिल भारतीय शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवार कल्याण महापरिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (झारखंड) सह ग्राम जमनी पहाड़पुर के स्वतंत्रता सेनानी स्व. छेदी प्रसाद झा के पुत्र दिवाकांत वत्स ने किया।
कार्यक्रम में ग्राम हिलाबै के स्वतंत्रता सेनानी नंदकिशोर मांझी के पुत्र ओमप्रकाश मांझी, ग्राम पक्सो के स्वतंत्रता सेनानी नीलकंठ ठाकुर के पौत्र गौरव वत्स, स्वतंत्रता सेनानी स्व. जलधर वैद्य के पुत्र आशुतोष वैद्य सहित रूपेश कुमार, हंस कुमार, कृष्णा कुमार, आशीष कुमार, दिलखुश कुमार, शैलेश कुमार, नोनीहाट के घनश्याम रॉय, देवबंधा के संतोष यादव, सरोतिया के दीपक यादव एवं भेड़ा के बबन यादव मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने महात्मा गांधी और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारे भी लगाए।
कार्यक्रम का समापन परंपरानुसार राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





